मेरठ। लोहियानगर इलाके में शुक्रवार देर रात एक्सप्रेस-वे पर मृत मिली महिला की पहचान हो गई है। महिला मेरठ में ही काजीपुर गांव की रहने वाली थी। उनका नाम माया और उम्र 45 साल है। रविवार को महिला के परिजनों ने थाने पहुंचकर पहचान कराई। घरवालों ने बताया कि वो पिछले 2 दिनों से माया की तलाश में घूम रहे हैं। बताया कि माया घर से शॉपिंग करने निकली थी। उसके बाद घर वापस नहीं लौटी।
बतादेंशुक्रवार रात को लोहिया नगर थाना क्षेत्र के फफूंडा मोड़ पर मेरठ-बुलंदशहर एक्सप्रेस-वे पर एक महिला की लाश मिली थी। टेंट वाले ने पुलिस को महिला की डेड बॉडी मिलने की सूचना दी थी। पुलिस ने लाश को मॉर्च्युरी भिजवा दिया। पुलिस ने बताया कि लाश के गले, पैर, सिर पर चोट के निशान हैं। ऐसा लग रहा है किसी ने चलती कार से लाश को फेंका है। महिला ने सोने की ज्वेलरी भी पहन रखी थी। पुलिस लगातार महिला की शिनाख्त में जुटी थी। उसकी लाश की फोटो-पोस्टर लगाकर भी पुलिस घरवालों को तलाश रही थी।
रविवार को महिला के पति विजय गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। बताया कि शुक्रवार से पत्नी लापता है। कई जगह खोजा नहीं मिली, रिश्तेदारी में भी नहीं है। इसलिए गुमशुदगी लिखाने आया हूं। पुलिस ने विजय को मृतक महिला की फोटो दिखाई। फोटो देखते ही विजय ने उसकी पहचान अपनी पत्नी माया के रूप में कर ली।माया के एक बेटी शिवानी उम्र 24 साल, बेटा कार्तिक उम्र 16 साल और बेटा रितिक उम्र 14 साल है। पति विजय कचहरी में फल की ठेल लगाता है।
सीओ कोतवाली अमित राय ने बताया कि शिनाख्त होने के बाद अब पुलिस हत्यारों की तलाश में जुट गई है।आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर हत्या के कारणों का खुलासा करने का प्रयास कर रही है। मृतक महिला के शव का पंचनामा भरा है, सोमवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।