मेरठ। मेरठ के भूपेंद्र सिंह बाजवा को कुश्ती फेडरेशन की एडहॉक कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। मेरठ में गॉडविन ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर भूपेंद्र सिंह बाजवा पहले भी इस दायित्व को निभा चुके हैं। यह निर्णय भारतीय ओलंपिक संघ ने WFI का निलंबित करने के तीन दिन बाद लिया है। बता दें कि भूपेंद्र सिंह बाजवा पंजाब सरकार के खेल मंत्री और बरनाला विधायक गुरमीत सिंह हेयर के ससुर हैं। हाल में ही उनकी बेटी डॉ. गुरदीप कौर की शादी पंजाब सरकार के खेल मंत्री से हुई है।
यह एडहॉक कमेटी WFI का काम देखेगी। खेल मंत्रालय ने हाल में ही WFI के कुश्ती संघ को निलंबित किया है। संजय सिंह को इसका अध्यक्ष बनाया गया था। लेकिन बाद में उन्हें हटा दिया गया। अब भारतीय ओलंपिक संघ(IOA) ने कुश्ती संघ पर 3 सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। इसी समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बाजवा बनाए गए हैं। भूपेंद्र सिंह बाजवा के साथ समिति में एमएम सौम्या और मंजूष कंवर को सदस्य बनाया गया है। भूपेद्र बाजवा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि उन्हें जिम्मेदारी का यह पद सौंपा गया है। इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। खेल, खिलाड़ियों और संघ के हित में काम करेंगे।