मेरठ। नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की भर्ती समेत कई मांगों को लेकर ज्ञापन भेजा है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि उनकी मांगों को तुरंत निस्तारण किया जाए।
संघ के अध्यक्ष विनेश मनोठिया और महामंत्री कृष्ण गोपाल वेद का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार को स्वच्छ भारत मिशन को पूरा करने के लिए सफाई कर्मचारियों की भर्ती करना बहुत आवश्यक है, क्योंकि इस समय मेरठ नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की संख्या 3367 है। 5400 सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जरूरत है।
सर्जित पदों पर स्थायी नियुक्ति की जाए। अध्यक्ष और महामंत्री का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा आरक्षण के फैसले का स्वागत करते हुए इसके लागू होने तक संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश में सफाई में ठेकेदारी खत्म करने की मांग की। मांग करने वालों में सुरेश रिछपाल, राजकुमार सिद्धार्थ, अजय बेनीवाल, अजय खलीफा, प्रमोद चौधरी आदि शामिल हैं।