मेरठ। लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र में एक महिला ने युवक पर शादी का झांसा देकर तीन साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। ओर सम्बंधित धाराओं में कार्रवाई के बजाए पुलिस ने आरोपित का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। महिला ने इस पर नाराजगी जताते हुए एसएसपी से शिकायत करने की बात कही है।
लिसाड़ी गेट क्षेत्र की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया कि तीन साल पहले उसकी मुलाकात मदीना कालोनी निवासी निसार से हुई थी। निसार ने उससे शादी करने की बात कही। इसके बाद दोनों में तीन साल तक संबंध बने रहे। युवती का आरोप है कि युवक तीन साल तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई। महिला ने निसार को शादी के लिए कहा तो अब युवक ने इनकार कर दिया।
महिला का आरोप है कि उसने विरोध किया तो आरोपित युवक निसार ने उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। युवती ने आरोपित के खिलाफ थाना लिसाड़ी गेट दुष्कर्म व मारपीट की नामजद तहरीर दी। पुलिस ने आरोपित निसार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बुधवार को उसका शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। युवती ने पुलिस ने इसका विरोध किया और आरोपित से सांठगांठ का आरोप लगाया। युवती ने बताया कि वह दी गई तहरीर लेकर एसएसपी से मिलेंगी और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस की शिकायत करेगी।
थाना लिसाड़ीगेट इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने महिला के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। कहा कि जांच के बाद ही आरोपित को जेल भेज गया है।