मेरठ पुलिस बड़ी सफलता हासिल हुई है पुलिस ने नामचीन शरद गोस्वामी गैंग के सदस्य और 2 सालों से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी नदीम को गिरफ्तार किया है। नदीम शरद गोस्वामी गैंग का सदस्य है। इनामी नदीम को मेरठ पुलिस महाराष्ट्र के मुंबई से अरेस्ट कर मेरठ लाई है। वही एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को इसकी जानकारी दी है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया है कि दो साल से आरोपी नदीम फरार चल रहा था। पुलिस लगातार इसकी तलाश कर रही थी। एसओजी टीम और थाना लालकुर्ती पुलिस टीम ने इसे मुंबई से गिरफ्तार किया और मेरठ लाई है। नदीम मुख्य रूप से लालकुर्ती थाने का वांछित था। इस पर मेरठ के तमाम थानों में 20 मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी नदीम चोरी और लूटे हुए मोबाइल फोन को बड़े पैमाने पर हिंदुस्तान से बाहर नेपाल और बंग्लादेश में भेजता था। अब तक इसने कितने देशों में कहां, कहां चोरी, लूट के मोबाइल बेचे हैं पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
आरोपी नदीम पर मेरठ के देहली गेट, लिसाड़ी गेट, नौचंदी, सिविल लाइन, दौराला, कंकरखेड़ा, पल्लवपुरम, टीपीनगर, लालकुर्ती इन सभी थानों में लगभग 20 मुकदमे दर्ज हैं। बताया कि लगातार मुखबिरों की सूचना और सर्विलांस के जरिए नदीम की लोकेशन मुंबई में मिली थी। जहां से पुलिस की टीम ने इसे गिरफ्तार किया है।
एसपी सिटी ने बताया कि नदीम आसपास के छोटे चोरों से फोन लेता था और उसे विदेशों में बेचता था। नदीम पर लूट के मुकदमे भी दर्ज है। आसपास के जिलों, राज्यों सहित विदेशों तक मोबाइल बेच देता था। विदेशों में लूट के मोबाइल की खरीद फरोख्त करने वालों के लगातार संपर्क में था।