मेरठ। मेरठ में 4 बेटियों की मां को उसके दोनों पतियों ने रखने से इनकार कर दिया है। पीड़िता की शादी एक घर में दो भाइयों से बारी-बारी से हुई। लेकिन अब दोनों ही पति उसे रखने से मुकर गए हैं। महिला को तलाक दे दिया है। पीड़िता ने पुलिस से अपने लिए न्याय की मांग की है और केस दर्ज कराया है।
मामला मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को अपने पति, ससुराल वालों, देवर के खिलाफ शारीरिक, मानसिक उत्पीड़न की शिकायत की है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने पहले तीन तलाक देकर उसे छोड़ा।पति ने दोबारा अपनाने के लिए महिला का अपने छोटे भाई से हलाला कराया। हलाला के बाद अब पति और देवर दोनों रखने से इनकार कर रहे हैं। महिला ने कहा कि उसके चार बेटियां हैं इसलिए ससुराल वाले उससे पीछा छुड़ा रहे हैं।महिला ने पुलिस को बताया, वो थाना भावनपुर क्षेत्र की रहने वाली है। निकाह 2007 में फतेहउल्लापुर में शहजाद गार्डन कॉलोनी निवासी युवक से हुआ था। निकाह के बाद महिला को चार बेटियां हुई। बेटा नहीं होने को लेकर पति नाराज रहने लगा।
पीड़िता का आरोप है, इसको लेकर आए दिन विवाद होता रहता था। 6 महीने पहले पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। दोनों परिवारों के लोगों की पंचायत हुई। पति ने कहा कि हलाला के बाद वह पत्नी से दोबारा निकाह कर लेगा। इसके बाद अपने छोटे भाई यानी देवर से पत्नी का निकाह कराकर हलाला कराया।
देवर से शादी के बाद महिला ने जब पहले पति से शादी के लिए कहा तो वो मुकर गया। उसे घर से निकालने लगा। जब महिला ने अपने दूसरे पति यानी देवर के साथ रहने को कहा। तो देवर ने भी मना कर दिया और तीन तलाक दे दिया है। पीड़ित महिला ने अपने ससुरालियों के खिलाफ तीन तलाक और हलाला के नाम पर शारीरिक शोषण की तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाया है।
लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है, महिला की शिकायत आई है, शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।